
उदित वाणी, रांची: उच्च शिक्षा विभाग के प्रभारी मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने एक प्रश्न के उत्तर में सदन को बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों व अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर कर लिया जायेगा.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है. विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय को ईकाई मानकर नियुक्ति प्रकिया शुरू की जायेगी. शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर आरक्षण रोस्टर क्लियरेंस का प्रस्ताव कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को भेज दिया गया है.
अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से भाकपा माले विधायक विनोद सिंह ने राज्य के विश्वविद्यालयों व अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों व शोध निदेशकों की कमी होने का मामला उठाया था.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में 40 फीसदी से ज्यादा शिक्षकों के पद रिक्त है तथा राज्य के विश्वविद्यालयों में 300 से ज्यादा जूनियर रिसर्च फेलोशिप [जेआरएफ] पास अभ्यर्थियों को शिक्षकों के अभाव में शोध निदेशक नहीं मिल रहे हैं. इस पर सरकार की ओर से उत्तर देते हुए प्रभारी मंत्री ने माना कि राज्य के विश्वविद्यालयों में 40 फ़ीसदी से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली है.
लेकिन उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में शोध निदेशकों की कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि रांची विश्वविद्यालय में जेआरएफ पास अभ्यर्थियों की संख्या 142 है. जबकि शोध निदेशक 92 है.
वहीं विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में जेआरएफ पास अभ्यर्थियों की संख्या 88 है. जबकि शोध निदेशकों की संख्या 42 है. सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका में जेआरएफ पास अभ्यर्थियों की संख्या 19 है और शोध निदेशकों की संख्या 63 है. नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय मेदिनीनगर में चार जेआरएफ के लिए 104 गाइड है. शोध निदेशकों की राज्य में कमी नहीं है.
पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन उत्कृष्ट व 19 मॉडल स्कूलों में संताली शिक्षक भी होंगे नियुक्त
झामुमो विधायक समीर मोहंती ने ध्यानाकर्षण सूचना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में तीन उत्कृष्ट और 19 मॉडल स्कूलों में शिक्षक नियुक्ति का मामला उठाया.
उन्होंने कहा कि यहां स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. लेकिन इस नियुक्ति प्रक्रिया में संताली भाषा के शिक्षक नहीं है. इस सवाल का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि 27 जनवरी को जारी पत्र के आधार पर संताली भाषा के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पद सृजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले महीने नियुक्ति प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी जायेगी.

