
उदित वाणी, रांची: प्रवर्तन निदेशालय [ईडी] ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ा दी है. उन्हें पूछताछ के लिए दूसरी बार समन भेजा गया. ईडी ने अब मुख्यमंत्री को 17 नवंबर को तलब किया है और उस दिन पूछताछ के लिए रांची क्षेत्रीय कार्यालय में हर हाल में उपस्थित होने को कहा गया है.
ईडी द्वारा जारी समन में कहा गया है कि 17 नवंबर को क्षेत्रीय कार्यालय में पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है. साथ ही यह भी कहा गया है कि उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ईडी को किसी से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है.
ज्ञात हो कि ईडी द्वारा एक नवंबर को ही पहली बार समन करते हुए मुख्यमंत्री सोरेन को 3 नवंबर को ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था. लेकिन मुख्यमंत्री ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्तता का हवाला देते हुए तीन सप्ताह के लिए मोहलत मांगी थी. परन्तु ईडी ने अब दूसरा समन जारी करते हुए 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से पेश होने के लिए कहा है.
यद्यपि ईडी द्वारा पहले भेजे गये समन के बाद मुख्यमंत्री सोरेन काफी आक्रोशित थे और उन्होंने ईडी को चुनौती देते हुए कहा था कि समन क्यों करते हो, गुनाह किया है, तो सीधे गिरफ्तार करो.
इसके अलावा झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास के समक्ष ईडी के समन के खिलाफ पदर्शन किया था और सत्ताधारी झामुमो व कांग्रेस के विधायकों ने राजभवन के समक्ष धरना भी दिया था.

