
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड के प्लस टू हाई स्कूलों में स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर आयोजित होनेवाली स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा-2022 के लिए अब आनलाइन आवेदन 22 नवंबर तक भरे जाएंगे.
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने मंगलवार को इस परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन की समय सीमा बढ़ा दी. इससे पहले आनलाइन आवदेन की समय सीमा मंगलवार को खत्म हो रही थी. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने अपरिहार्य कारण बताते हुए आवेदन की समय सीमा बढ़ाने की बात कही है.
आयोग द्वारा आनलाइन आवेदन के क्रम में परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 24 नवंबर निर्धारित की गई है. फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर निर्धारित है.
आनलाइन आवेदन पत्र में किसी प्रकार का संशोधन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक हो सकेगा. बता दें कि इस परीक्षा के माध्यम से प्लस टू हाई स्कूलों में स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक के 3,120 पदों पर नियुक्ति होनी है. इनमें 2,855 नियमित तथा 265 बैकलाग पद शामिल हैं. कुल पदों में 25 प्रतिशत पद तीन साल तक सेवा दे चुके हाई स्कूल शिक्षकों के लिए आरक्षित किए गए हैं.
हालांकि इसके लिए भी शिक्षकों को उक्त परीक्षा में शामिल होना होगा. साथ ही आरक्षित पदों के विरुद्ध शिक्षकों के सफल नहीं होने पर रिक्त पद इसी नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से सीधी भर्ती से भरे जा सकेंगे.
नियुक्ति के लिए अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है.

