
विभाग ने 9 लोगों के खिलाफ लगाया 83 हजार रुपये का जुर्माना
उदित वाणी, पटमदा: विद्युत विभाग के कनीय अभियंता आमिर हमजा के नेतृत्व में मंगलवार को पटमदा थाना क्षेत्र के जाल्ला एवं बांतोड़िया गांव में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया.
दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चलाये गये अभियान के क्रम में 9 लोगों को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया है. इसके बाद देर शाम तक कनीय अभियंता के बयान पर पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार जाल्ला गांव निवासी गुरूपद महतो का बिल 27193 रुपये बकाया होने के कारण पूर्व में उनका कनेक्शन काट दिया गया था.
लेकिन उन्होंने अवैध तरीके से दूसरा कनेक्शन लेकर विद्युत ऊर्जा की चोरी करते हुए विभाग को 10250 रुपये की क्षति पहुंचाई है. बांतोड़िया निवासी सहदेव मुर्मू के खिलाफ आरोप है कि अपने घर में विद्युत कनेक्शन के बावजूद मीटर बाईपास करके विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते हुए 14450 रुपये की क्षति पहुंचाई है.
गणेश महतो का बिल 16592 रुपये बकाया होने की वजह से पूर्व में उनका कनेक्शन काट दिया गया था जिसके बाद उनके द्वारा अवैध कनेक्शन से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते हुए विभाग को 8000 रुपये की क्षति पहुंचाई गई है.
मनसाराम महतो का बिल 13917 रुपये बकाया होने के कारण कनेक्शन पूर्व में काट दिया गया था. इसके बावजूद फिर से चोरी करते हुए विभाग को 8 हजार रुपये की क्षति पहुंचाई गई है.
किरीटी महतो का बकाया बिल 11714 रुपये होने पर कनेक्शन पूर्व में काट दिया गया था लेकिन अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते हुए विभाग को 8 हजार रुपये की क्षति पहुंचाई गई है. कमलाकांत माझी ने मीटर बाईपास करते हुए बिजली की चोरी की है जिससे विभाग को 8500 रुपये की क्षति पहुंचाने का आरोप है.
शकुंतला माझी का बकाया बिल 17005 रुपये होने के कारण पूर्व में उनका कनेक्शन काट दिया गया था. उनके द्वारा अवैध कनेक्शन के सहारे फिर से बिजली का उपयोग करते हुए विभाग को 8000 रुपये की क्षति पहुंचाई गई है. संतोष हांसदा द्वारा मीटर को बाईपास करते हुए 10 हजार रुपये की क्षति पहुंचाने का आरोप है.
सुखदेव हांसदा का बकाया बिल 17046 रुपये था और कनेक्शन काटा हुआ था। लेकिन अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन लेकर 8 हजार रुपये की क्षति पहुंचाने का आरोप है.
अभियान में सहायक अभियंता अमरजीत प्रसाद, प्रीतम भारती, मोहम्मद महमूद आदि शामिल थे. इस संबंध में कनीय अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी के रोकथाम हेतु झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के रांची स्थित मुख्यालय से प्राप्त निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया गया और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

