
उदित वाणी जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में आज अपर जिला दंडाधिकारी नंदकिशोर लाल की अध्यक्षता में सैरात दुकान किराया निर्धारण कमेटी की बैठक हुई. बैठक में व्यवसायियों को बताया गया कि सैरात दुकानों से अब टिस्को का स्वामित्व खत्म हो गया है, ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा अब सैरात दुकानों से राजस्व संग्रहण किया जाएगा. एडीएम ने कहा कि कानून की बाध्यता एवं गाइडलाइन के मुताबिक किराया निर्धारण को लेकर यह बैठक की जा रही है, ऐसे में सभी सदस्यों के सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए जिला प्रशासन द्वारा किराया निर्धारण किया जाएगा. अपर उपायुक्त ने सुझाव दिया कि किराया निर्धारण को लेकर एक मॉडल डेवलप करें, ताकि दोनों पक्षों को सहूलियत हो. कमेटी की इस पहली बैठक में साकची, बिष्टुपुर, कदमा, धातकीडीह, गोलमुरी, कालीमाटी, बर्मामाइंस, बारीडीह, सिदगोड़ा एवं सोनारी के सैरात दुकानदारों के प्रतिनिधियों से बारी-बारी से उनके सुझाव मांगे गए. जिला प्रशासन की तरफ से सभी को आश्वस्त किया गया कि महत्वपूर्ण सुझाव, आगामी फील्ड सर्वे के आधार पर तुलनात्मक रूप से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाये जाएंगे.
बैठक में अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा, विशेष पदाधिकारी जेएनएसी कृष्ण कुमार, सीओ जमशेदपुर अमित श्रीवास्तव, टाटा लैंड डिपार्टमेंट से अमित कुमार तथा शहर में 10 स्थानों में बने सैरात दुकान व्यवसाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

