इंडस्ट्री-एकेडमिया के बीच बेहतर संवाद का मंच बनेगा
उदित वाणी, जमशेदपुर : सामग्री एवं धातुकर्म इंजीनियरिंग पर राष्ट्रीय स्तर की छात्र संगोष्ठी “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क” (बीटीटीडी-2026) का शुभारंभ 17 जून 2026 से सीएसआईआर-नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी (एनएमएल) जमशेदपुर में शुरू होने जा रहा है. इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से लगभग 200 इंजीनियरिंग छात्र, युवा इंजीनियर, शिक्षाविद्, शोधकर्ता और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे.
यह संगोष्ठी आईआईएम के जमशेदपुर चैप्टर द्वारा सीएसआईआर-एनएमएल, टाटा स्टील लिमिटेड और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित की जा रही है. 17 से 19 जून 2026 तक चलने वाला यह कार्यक्रम सामग्री एवं धातुकर्म इंजीनियरिंग क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान, नवाचार और उद्योग-अकादेमिया के बीच सशक्त संपर्क का मंच प्रदान करेगा.
बीटीटीडी-2026 का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को उद्योग के अग्रणी विशेषज्ञों और अकादमिक नेताओं से सीधे संवाद का अवसर देना है. कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, इंटरैक्टिव सत्र, प्रतियोगिताएं तथा नेटवर्किंग के अवसर शामिल होंगे. यह आयोजन धातुकर्म और सामग्री इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आने वाली नई पीढ़ी को प्रेरित करने और उन्हें उद्योग की वास्तविक चुनौतियों एवं अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा. बीटीटीडी-2026 देशभर के युवा छात्रों के लिए ज्ञानवर्धन और करियर विकास का बेहतरीन प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है.
संगोष्ठी में इन क्षेत्रों पर चर्चा होगी
– खनिज प्रसंस्करण और धातु निष्कर्षण में नवाचार
– आयरन और स्टील मेकिंग में नवाचार
– मिश्रधातु डिजाइन एवं फेज ट्रांसफॉर्मेशन में प्रगति
– जंग नियंत्रण और सतह इंजीनियरिंग
– सामग्रियों का यांत्रिक व्यवहार
– मॉडलिंग और सिमुलेशन
– सस्टेनेबल मेटलर्जी और ऊर्जा सामग्री


