
उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में 35 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान मोहन सोरेन (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से कान्वाई चालक था और मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। उसके भाई सुंदरनगर के नया बस्ती क्षेत्र में रहते हैं। बताया जाता है कि मोहन का राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। वह राजू की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी ‘मुंह बोली मामी’ कहता था, लेकिन राजू को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। देर रात स्टील की दक्छी से पीट-पीट कर हत्या कर दी.जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात मोहन राजू के घर पहुंचा था। इसी दौरान अवैध संबंध के शक को लेकर राजू, उसकी पत्नी सविता और मोहन के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि राजू ने पहले अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट की और उसे घर से भगा दिया।
भयभीत सविता अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गई और रात दूसरे के घर में बिताई। इसके बाद घर में मौजूद मोहन और राजू के बीच विवाद और बढ़ गया। गुस्से में आकर राजू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची उठाकर मोहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से मोहन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब सविता वापस घर पहुंची तो उसे घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी स्टील की डेकची और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। परसुडीह थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

