उदित वाणी, जमशेदपुर : पिछले दिनों एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुईं चाईबासा भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू का हालचाल जानने के लिए झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू मंगलवार को जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचे. अस्पताल के विशेष वार्ड में भर्ती गीता बालमुचू से मुलाकात कर उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की. इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की टीम से भी विस्तृत बातचीत की और चल रहे उपचार व स्वास्थ्य सुधार संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना, डॉक्टरों को दिए निर्देश
टीएमएच (TMH) अस्पताल में इलाज करा रहीं गीता बालमुचू के पास पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने चिकित्सा कर रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों से मिलकर इलाज की प्रगति जानी और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
अस्पताल में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे के दौरान जमशेदपुर और चाईबासा के कई प्रमुख भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल परिसर में उपस्थित रहे. इनमें मुख्य रूप से भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, भाजपा नेता प्रकाश सिंह, जिला महामंत्री राजीव सिंह और जितेंद्र राय समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर गीता बालमुचू के स्वास्थ्य की जानकारी ली.


