उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है. अब ठगी का नया तरीका अपनाते हुए अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 40 हजार रुपये उड़ा लिये. मामला सिदगोड़ा क्रॉस रोड नंबर-25 निवासी मनोज लकड़ा से जुड़ा है, जिन्होंने इस संबंध में साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है.
जानकारी के अनुसार, मनोज लकड़ा के व्हाट्सएप नंबर पर एक संदिग्ध एपीके फाइल भेजी गयी थी. सामान्य मोबाइल एप समझकर जैसे ही उन्होंने उस फाइल को डाउनलोड किया, वैसे ही उनके मोबाइल में बैंकिंग एप जैसा एक नकली एप इंस्टॉल हो गया. इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 40 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गयी.
पीड़ित को जब तक पूरे मामले की जानकारी मिलती, तब तक साइबर अपराधी अपना काम कर चुके थे. घटना के बाद उन्होंने तत्काल संबंधित ग्रीवांस सेल में शिकायत दर्ज करायी, जहां से राशि रिकवर करने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद उन्होंने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि एपीके फाइल के माध्यम से मोबाइल डिवाइस की जानकारी और बैंकिंग एक्सेस हासिल कर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया.
इधर, साइबर पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध लिंक से भेजी गयी एपीके फाइल को बिना जांचे-परखे डाउनलोड न करें. साइबर अपराधी अब मोबाइल एप, बैंकिंग अपडेट और ऑफर के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं. एक छोटी सी लापरवाही बैंक खाते को खाली कर सकती है. पुलिस ने लोगों से डिजिटल सतर्कता बरतने और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है.

