उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह निवासी पिंटू राम (40) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, टाटानगर स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया था. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) सक्रिय हो गई.
संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू की. साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ.
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया. रेल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
बताया गया कि यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संचालित “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत की गई. पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई. अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया. रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.


