उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में पुनर्विकास योजना का काम अब तेज़ी से आगे बढ़ने लगा है। रेलवे ने “गति शक्ति” परियोजना के तहत स्टेशन के कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ नया और अत्याधुनिक स्टेशन भवन मिलने की उम्मीद है।
स्टेशन पुनर्विकास योजना की आधारशिला पूर्व में जमशेदपुर के सांसद और पूर्व रेलवे महाप्रबंधक द्वारा रखी गई थी। अब निर्माण एजेंसी ने ज़मीनी स्तर पर काम को गति दे दी है। विकास कार्य के तहत बर्मामाइंस गेट स्थित पार्किंग क्षेत्र के एक बड़े हिस्से को बैरिकेडिंग कर निर्माण कार्य के दायरे में ले लिया गया है।
वहीं स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार की ओर भी गतिविधियां बढ़ गई हैं। पिछले एक सप्ताह से यहां पार्किंग क्षेत्र के पुनर्गठन और नई सड़क निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण कार्य के कारण स्टेशन परिसर का स्वरूप धीरे-धीरे बदलता नजर आने लगा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकास योजना के अंतर्गत स्टेशन भवन को आधुनिक डिजाइन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर पार्किंग, सुगम आवागमन, आधुनिक प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक संसाधनों का विस्तार किया जाएगा। टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास से न केवल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि शहर को भी एक आधुनिक रेलवे पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


