उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर-1 लाइन किनारे गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक का शव उसके ही घर में फंदे से झूलता मिला। मृतक की पहचान मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है। वह पेशे से ऑटो चालक था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जहीर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ दादा-दादी के घर में रहता था। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार अनबन चल रही थी। गुरुवार रात करीब 10 बजे काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर जहीर को फंदे से लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


