उदित वाणी , जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गांधी बस्ती में खुलेआम संचालित हो रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से नकद राशि, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर गांधी बस्ती में कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं और भोली-भाली जनता को ठगी व धोखाधड़ी का शिकार बना रहे हैं। साथ ही इलाके में दहशत का माहौल भी बनाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आठ लोगों को रंगे हाथ जुआ खेलते गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 35 हजार 520 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, 52 पीस ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही एक दरी जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनारी ग्वाला बस्ती निवासी राजन गुप्ता उर्फ राजन, चांडिल निवासी राजेश कुमार तुरहा उर्फ बड़का, गोविंदा कुमार साह, दीपक कुमार उर्फ दीपू, बंटी कुमार गुप्ता, लालचंद तुरहा उर्फ छनछन, सुखदेव सिंह तथा लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल हैं। सभी आरोपी सोनारी, कदमा और सरायकेला क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि कदमा थाना प्रभारी के स्वयं के बयान के आधार पर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में पुलिस जुटी हुई है।


