उदित वाणी जमशेदपुर: All India Students’ Federation (AISF) की ओर से शनिवार को LBSM College के मुख्य द्वार पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए दोनों सरकारों का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे AISF के प्रदेश सदस्य मुकेश रजक ने नई शिक्षा नीति (NEP), क्लस्टर सिस्टम, 75 प्रतिशत CGPA लागू करने के फैसले और NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की ये नीतियां छात्र, गरीब और ग्रामीण वर्ग के हितों के खिलाफ हैं और इससे शिक्षा व्यवस्था लगातार महंगी तथा निजीकरण की ओर बढ़ रही है। मुकेश रजक ने कहा कि आज देश का छात्र बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्र विरोधी नीतियों को जल्द वापस नहीं लिया गया तो AISF आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र करेगी। इस प्रदर्शन में AISF जिला सचिव रंजन यादव, राजू सामद, जिला अध्यक्ष, LBSM कॉलेज अध्यक्ष कार्तिकेयन, कॉलेज प्रभारी रितिक सिंह और छात्र नेता हरप्रीत सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया और सरकार से छात्र विरोधी फैसलों को तत्काल वापस लेने की मांग की।


