उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. प्लांट के अंदर चल रही एक बस की चपेट में आने से कंपनी का एक कर्मचारी घायल हो गया. घटना के बाद सेफ्टी विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, नालको की एक बस कर्मचारियों को छोड़ने के बाद कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) गोलचक्कर की ओर मुड़ रही थी. इसी दौरान एलडी-3 आईईएम विभाग के कर्मचारी एमवीआरके प्रसाद अपनी बाइक से गलत दिशा से उसी मोड़ पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर घटना हुई वहां ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक को सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति को भांपते हुए कर्मचारी ने तत्काल सूझबूझ दिखायी और बाइक से छलांग लगा दी. इसके बाद उनकी बाइक सीधे बस के नीचे जा फंसी. हादसे में कर्मचारी के पैर में चोट आई है, हालांकि समय रहते प्रतिक्रिया देने से उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया.
घटना के तुरंत बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने घायल कर्मी को ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार कर्मचारी की स्थिति फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है.


