उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मेन अस्पताल ने 12 मई को सोनारी स्थित बिंदल मॉल में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया. इस कार्यक्रम का आयोजन नर्सों की समर्पण भावना, करुणा और स्वास्थ्य सेवा में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के लिए किया गया. इस वर्ष का थीम “Our Nurses. Our Future. Empowered Nurses Save Lives.” (हमारी नर्सें. हमारा भविष्य. सशक्त नर्सें जान बचाती हैं.) रहा, जो कार्यक्रम की पूरी भावना का केंद्र बना. कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा घोषणा के साथ हुई, जिसके बाद एक आकर्षक उद्घाटन नृत्य प्रस्तुति ने माहौल को बेहद जोशीला बना दिया. नर्सिंग हेड अनंतवर्षिणी ने स्वागत भाषण दिया और थीम को विस्तार से समझाया. उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के भविष्य को आकार देने में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए सशक्तिकरण, शिक्षा, नेतृत्व और कम्पैसेनेट केअर की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.

सेवा का प्रतीक
मुख्य अतिथि अक्षय खुल्लर, वाइस प्रेसिडेंट – इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट्स ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ दीप प्रज्वलन किया, जो नर्सिंग व्यवसाय के प्रति आशा, सेवा और प्रतिबद्धता का प्रतीक था. कार्यक्रम में डॉ. विनीता सिंह (जीएम, मेडिकल सर्विसेस) और शैलेश कुमार सिंह (डेप्युटी प्रेसिडेंट, टाटा वर्कर्स यूनियन) सहित अन्य सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई. सभी अतिथियों ने नर्सिंग समुदाय की अथक मेहनत और समर्पण की सराहना की.
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरमार रही. लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, ग्रुप डांस, स्किट, गीत और कविता पाठ जैसी विविध प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया. इन प्रस्तुतियों ने नर्सिंग स्टाफ और छात्राओं के प्रतिभा, एकता, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता को उजागर किया. कार्यक्रम में नर्सों को सतत शिक्षा, टीम वर्क, प्रोफेशनल डेवलपमेंट और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण प्रदान कर सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि वे सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल सुनिश्चित कर सकें. अंत में हार्दिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. आयोजन समिति ने प्रबंधन, गणमान्य अतिथियों, आयोजकों, प्रतिभागियों और सभी नर्सिंग प्रोफेशनल्स का आभार व्यक्त किया.यह समारोह नर्सिंग व्यवसाय की समर्पण, रेजिलिएंस और करुणा की भावना को प्रतिबिंबित करता था तथा यह संदेश पुनः मजबूती से दिया कि सशक्त नर्सें ही स्वस्थ भविष्य की नींव हैं.


