उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में किशोरी का शव मिलने के मामले का पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में बिरसानगर जोन नंबर-2 बी निवासी सोनू कर्मकार (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी छोलागोड़ा में रहती है. घटना वाले दिन सोनू अपनी पत्नी के पास जाने के दौरान किशोरी को लेकर सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय पहुंचा था.
पुलिस के अनुसार स्कूल परिसर में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद शुरू हुआ. किशोरी आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी इससे बचना चाहता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई. विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर सोनू ने किशोरी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और घटना के समय पहनी सफेद शर्ट को छिपा दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त शर्ट बरामद कर ली है. मामले के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.


