
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोधि सोसायटी जमशेदपुर के तत्वावधान में आगामी 1 मई को 2570वीं बुद्ध जयंती का भव्य आयोजन किया जाएगा. सोसायटी के अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ ने बताया कि जमशेदपुर स्थित बोधि सोसायटी झारखंड राज्य का बुद्ध मुख्यालय है, जहाँ प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्रद्धा और सेवा के साथ यह उत्सव मनाया जाएगा.
चित्रांकन प्रतियोगिता: 500 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
उत्सव की शुरुआत 26 अप्रैल, रविवार को सुबह 8 बजे चित्रांकन प्रतियोगिता से होगी. इसमें शहर के विभिन्न स्कूलों से लगभग 500 विद्यार्थी भाग लेंगे. प्रतियोगिता का मुख्य विषय “युद्ध नहीं, शांति” रखा गया है, जबकि छोटे बच्चों के लिए विषय “गौतम बुद्ध का चित्र” होगा.
1 मई का मुख्य कार्यक्रम और विश्व शांति प्रार्थना
बुद्ध जयंती के दिन, यानी 1 मई को सुबह 6 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व शांति प्रार्थना के साथ होगा. इसके बाद बौद्ध भिक्षुओं और सोसायटी के सदस्यों द्वारा विश्व बौद्ध ध्वजारोहण किया जाएगा. इस विशेष अवसर पर जनसेवा के लिए निःशुल्क रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जाँच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. सुबह 10 बजे से बुद्ध पूजा और पिंडदान का कार्यक्रम संपन्न होगा.
अस्पतालों में फल वितरण और सांस्कृतिक संध्या
सोसायटी के महासचिव साधन बरुआ ने जानकारी दी कि सदस्य शहर के विभिन्न अस्पतालों और अनाथालयों में जाकर मरीजों एवं जरूरतमंदों के बीच फल वितरण करेंगे. दोपहर में आयोजित धर्मसभा में बौद्ध भिक्षु भगवान बुद्ध के शांति, सद्भाव और रचनात्मकता के संदेश साझा करेंगे. शाम 4 बजे से बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे. अंत में शाम 6 बजे चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं और सांस्कृतिक कलाकारों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा.

