
उदित वाणी जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था पर फिर से बहस छेड़ दी है। थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार का एक कथित सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दीधारी अधिकारी को आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार करते और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए सुना जा रहा है।
इस घटना के सामने आते ही शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर जिन पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है, वही अगर इस तरह का आचरण करेंगे तो आम जनता किस पर भरोसा करे।
मामले को राजनीतिक रंग भी मिल गया है। भाजपा नेता अंकित आनंद ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राज्य के डीजीपी, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग को टैग कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अंकित आनंद ने इसे पुलिस विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि वर्दी में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न केवल निंदनीय है, बल्कि यह जनता के विश्वास को भी कमजोर करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी मामले को दबाने की कोशिश हुई, तो इसका असर पुलिस की साख पर पड़ेगा।
फिलहाल पूरे शहर की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या वाकई जवाबदेही तय हो पाती है।

