
उदित वाणी, पटमदा: लावा सार्वजनिक हरि मंदिर में हरि परायण संघ के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन (हरि हाट) के दूसरे दिन मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जमशेदपुर के समाजसेवी सह झामुमो के वरिष्ठ नेता आस्तिक महतो कार्यक्रम में पहुंचे और मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, ग्राम प्रधान बृंदावन दास, पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो, अमर दास गोस्वामी एवं वंशी दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। आस्तिक महतो ने कहा कि कलयुग में हरिनाम संकीर्तन ही मुक्ति का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। उन्होंने इसे महायज्ञ की संज्ञा देते हुए कहा कि हरिनाम का श्रवण मात्र ही मनुष्य के जीवन का उद्धार कर सकता है।

