
उदित वाणी,जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-1 में डॉ. बदर नर्सिंग होम में एक संदिग्ध और दर्दनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। अपेंडिक्स के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और नर्सिंग होम परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
परिजनों के मुताबिक युवक को पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने अपेंडिक्स ऑपरेशन की सलाह दी थी। उनका आरोप है कि ऑपरेशन से पहले युवक की हालत सामान्य थी, लेकिन तैयारी के दौरान एक इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। युवक के मुंह से पानी निकलने लगा और स्थिति तेजी से गंभीर होती चली गई।
आरोप यह भी है कि हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टर ने लेजर तकनीक से ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और खराब हो गई। जब हालत नियंत्रण से बाहर हो गई, तो युवक को जल्दबाजी में सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नर्सिंग होम में विरोध प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की कोशिश की। मौके पर पहुंची मानगो थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला।
परिजनों ने इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत का कारण बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

