
उदित वाणी, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सुकरा महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो, बिनोद महतो, रामप्रसाद महतो उर्फ छोटू, सिकंदर महतो उर्फ सचिन और रामू महतो शामिल हैं. ये सभी हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने में शामिल थे. 6 मार्च की रात कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में अपराधियों ने सुकरा महतो पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी.
गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इस दौरान उनके बेटे को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद परिजनों ने कर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. जांच के दौरान जमीन विवाद का मामला सामने आया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के पीछे जमीन का पुराना विवाद मुख्य कारण है. सुकरा महतो के ससुर के कोई पुत्र नहीं थे, इसलिए उन्होंने अपनी लगभग 17 एकड़ जमीन अपनी दो बेटियों के नाम कर दी थी. इनमें से एक बेटी सुकरा महतो की पत्नी है.
एसपी के अनुसार जमीन बेटियों के नाम होने से गोतिया पक्ष के कुछ लोग नाराज थे और इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा था. मामला अदालत तक पहुंचा, जहां कोर्ट ने फैसला सुकरा महतो के पक्ष में सुनाया था.
उन्होंने बताया कि अदालत के फैसले के बावजूद आरोपियों की नाराजगी खत्म नहीं हुई और इसी रंजिश में उन्होंने सुनियोजित ढंग से सुकरा महतो की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत 6 मार्च की रात तिमड़ा गांव में उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
(आईएएनएस)

