
उदित वाणी जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर की रहने वाली 18 वर्षीय युवती तमन्ना सिंह को पुलिस ने आठ दिन बाद सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार तमन्ना सिंह 28 फरवरी 2026 को घर से यह कहकर निकली थी कि वह डांस शूटिंग के लिए जा रही है। लेकिन देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद परिजनों ने सोनारी थाना में 6 मार्च को सन्हा दर्ज कराते हुए युवती की गुमशुदगी की सूचना दी। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी सेल की सहायता से युवती के मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस को युवती की लोकेशन पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर छापेमारी की और युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस युवती को थाना लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की गई और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद युवती को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तमन्ना सिंह सोशल मीडिया पर रील बनाने के साथ-साथ भोजपुरी गीतों पर डांस वीडियो की शूटिंग करती है और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती है।
पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह अपने डांस और इवेंट पार्टनर विक्की कुमार के साथ स्वेच्छा से घूमने चली गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच के बाद इसे सामान्य मानते हुए परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कर दिया है। युवती के सुरक्षित घर लौटने से परिजनों और मोहल्ले के लोगों में खुशी का माहौल है।

