
उदित वाणी, जमशेदपुर : रमज़ान के मुक़द्दस माह में समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए सामाजिक संस्था ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की. ट्रस्ट की ओर से 7 मई 2026 को ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित सासा इन के पास एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर ठेला चलाने वाले मजदूरों के बीच ठेला रिक्शा का वितरण किया गया.
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में हुआ वितरण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्योति भविष्य ज्योति ट्रस्ट के नवीन कुमार तथा अहसीन इंटरनेशनल स्कूल के नासिर खान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. इसके अलावा मोहम्मद शफी अहमद, काज़ी स्वाद आलम और रिजवान अहमद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे. अतिथियों के हाथों जरूरतमंद लाभुकों को ठेला रिक्शा प्रदान किया गया.
आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल
कार्यक्रम की शुरुआत में ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष मातिनुल हक अंसारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया. इसके बाद लाभुकों को ठेला रिक्शा सौंपे गए, जिससे वे अपने रोजगार को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें.
गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराना है उद्देश्य
इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को रोजगार का साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देना ट्रस्ट की प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इसी तरह के समाजसेवी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके.
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान, हिंद आईटीआई के निर्देशक ताहिर हुसैन, शाहिद परवेज, अयूब अली, आफताब आलम समेत शहर के कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के सचिव तथा मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं नादिर खान ने धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया.

