
उदित वाणी, जमशेदपुर/जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान की शानदार जीत के बाद उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है. इसी क्रम में आज फलाह-ए-उम्मत ऑर्गनाइजेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोकप्रिय सामाजिक और जननेता हाजी हिदायतुल्लाह खान के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और नौशीन खान की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई दी.
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि जुगसलाई की जनता ने लोकतंत्र पर पूर्ण विश्वास जताते हुए नौशीन खान को विजयी बनाया है. उन्होंने कहा कि पूरे चुनावी मुकाबले के दौरान हिदायतुल्लाह खान ने अपनी टीम के साथ जिस साहस, रणनीति और जनसंपर्क का परिचय दिया, उसके परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के बड़े-बड़े नेताओं को राजनीतिक मैदान में पराजय का सामना करना पड़ा.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए हाजी हिदायतुल्लाह खान के माध्यम से उन्हें उपहार भेंट किए. साथ ही हिदायतुल्लाह खान को भी पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर उनकी जनसेवा और नेतृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया.
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि नौशीन खान के नेतृत्व में जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में विकास, आपसी भाईचारा और जनकल्याण के नए मार्ग खुलेंगे तथा जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे.
इस मौके पर सादिक वारसी, साजिद इकबाल, अनस मुस्तफा, इमरान वारसी, कलामुद्दीन अशरफी, हाजी फिरोज सहित फलाह-ए-उम्मत ऑर्गनाइजेशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.

