
उदित वाणी जमशेदपुर : औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए टाटा स्टील की सुरक्षा टीम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में नियमित निगरानी और पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक व्यक्ति को चोरी के कॉपर केबल के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है।
सुरक्षा टीम ने संदेह के आधार पर मोहम्मद बाबू (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहम्मद सलीम, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, गौरी शंकर रोड, जुगसलाई को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में केबल अवैध रूप से कब्जे में पाया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिस्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी पहले भी तीन बार चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और आदतन अपराधी बताया जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन ने कहा है कि सामग्री चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

