
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत फेस-6 इलाके में रविवार की रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार एक महिला पर उसके पड़ोसी ने अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पुलिस आरोपी को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने उग्र रुख अपनाते हुए पुलिस की लाठी पर भी चाकू से वार कर दिया। इतना ही नहीं, वह पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज भी करने लगा, जिससे कुछ देर के लिए माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को काबू में किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल महिला की हालत के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


