
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर यूथ इवेंट्स द्वारा सीतारामडेरा गुरुद्वारा के निकट तुरी समाज भवन प्रांगण में आयोजित ‘रंग बरसे जमशेदपुर 2026’ कार्यक्रम उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ. इस होली महोत्सव में शहर के युवाओं, महिलाओं तथा गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि आयोजन समिति ने पूर्व घोषणा के अनुसार नशापान और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रखा. इससे पूरा वातावरण पारिवारिक और सुरक्षित बना रहा. प्राकृतिक रंगों, सदाबहार होली गीतों और पारंपरिक ठंडाई ने उत्सव को और अधिक रंगीन बना दिया.
पूर्णिमा साहू ने दीप प्रज्वलन के साथ किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायिका पूर्णिमा साहू तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर लियो क्लब की सदस्य श्रद्धा, खुशी और स्वाति ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया. मुख्य अतिथि को गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने तुलसी का पौधा, अंगवस्त्र और सम्मान प्रतीक भेंट किया.
साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बिना अश्लील गानों के कार्यक्रम आयोजित करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन टीम ने होली की सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने का सराहनीय प्रयास किया है.
उन्होंने इसे युवाओं के लिए एक सकारात्मक पहल बताया.
मौके पर विशिष्ट अतिथि चंचल भाटिया, सेलविला के संचालक अमित कुमार सिंह, राजनी सिंह, बबीता जी, सामाजिक संस्था आरंभ से दिव्य सिंह, कुमार कुणाल, श्वेता झा, रामकृष्ण ठाकुर, समाजसेविका मुनमुन चक्रवर्ती तथा तुरी समाज अध्यक्ष मनीष कुमार सहित अनेक सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहीं.
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान होली कॉस्ट्यूम और डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विजेताओं को सेला विला और वुड फर्नीचर की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.
समर कैंप के लिए समर्पित होगी सहायतार्थ राशि
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम से प्राप्त प्रवेश शुल्क की सहायतार्थ राशि गीता थिएटर द्वारा गांधी आश्रम में निवासरत कुष्ठ पीड़ित परिवारों के वंचित बच्चों के लिए आयोजित विशेष समर कैंप में समर्पित की जाएगी. इस कैंप के माध्यम से बच्चों को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हुए सकारात्मक जीवन मूल्यों और नशामुक्ति के प्रति प्रेरित किया जाता है.
सहयोगियों के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम की सफलता में ई-डिजिटल इंस्टिट्यूट, गीता थिएटर, लियो क्लब जमशेदपुर, आरंभ संस्था, सेल विला, वुड फर्नीचर, संपूर्ण आश्रय, हिन्द आईटीआई और सुंदरम एनजीओ सहित कई संगठनों का सहयोग रहा. आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

