
उदित वाणी, रांची : कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 के अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता जमशेदपुर के युवा शतरंज प्रतिभा अधिराज मित्रा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सौजन्य भेंट की.
मलेशिया में 7 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के अपने रोमांचक अनुभव साझा करते हुए अधिराज ने बताया कि इसमें राष्ट्रमंडल देशों के शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया था. लोयला स्कूल, जमशेदपुर में कक्षा 8 के छात्र अधिराज ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय अपने परिवार और कोच को दिया.

मुख्यमंत्री सोरेन ने अधिराज को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति जुनून और प्रतिभा प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा, “हमारे राज्य के सपूतों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड का परचम लहराया है.” अधिराज के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर पर खेल विकास के लिए और प्रोत्साहन देने का भरोसा जताया.
इस अवसर पर अधिराज के माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा तथा कोच अभिषेक दास भी मौजूद रहे.

