
उदित वाणी, दुमका : झारखंड के दुमका में बुधवार रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर रेलवे स्टेशन के निकट दो ट्रकों की जबरदस्त टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई. लपटें तेजी से फैलीं और आसपास गुजर रहे दो हाइवा ट्रकों को भी चपेट में ले लिया. हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
एक ट्रक के खलासी (हेल्पर) की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर को गंभीर हालत में दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच में पता चला कि टक्कर वाले एक ट्रक में ज्वलनशील लाइटर सामान लदा था, जिससे आग का गोला दूर-दूर तक फैल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर लाइटर के डिब्बे बिखर गए थे और मृतक का जला शव घटनास्थल पर पड़ा मिला.
सूचना मिलते ही दुमका पुलिस, दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं. स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, एसडीपीओ विजय महतो सहित अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में बचाव कार्य चला. आग बुझाने के बाद क्रेन से जले ट्रकों को सड़क किनारे हटाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

