
उदित वाणी, चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारूडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुए विजय तिर्की हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं.
मृतक विजय तिर्की की पत्नी के लिखित आवेदन पर चांडिल थाना में कांड संख्या-199/25, दिनांक 25 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना के बाद से पुलिस तकनीकी और मानवीय सूत्रों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी. जांच के दौरान शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राय तथा मनीष कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया. इनमें से एक आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था.
छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी
इस अभियान में थाना प्रभारी चांडिल डिलशन बिरुआ, थाना प्रभारी चौका सोनू कुमार, थाना प्रभारी नीमडीह संतन तिवारी, कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार, एएसआई रंजन कुमार सिंह, कमल यादव, एसआई अमित कुमार, एएसआई विजयजीत कापड़ी तथा चांडिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है. जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा.

