
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बलबीर कौर ने भारी संख्या में समर्थकों के साथ निर्वाचित पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी को नामांकन पत्र सौंपा.
समर्थकों का काफिला
जुगसलाई के नागरिकों, सिख समुदाय के सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह, सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा, नौजवान सभा के प्रतिनिधियों, विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के प्रधानों का बड़ा काफिला उपस्थित रहा. बलबीर कौर के पति एवं वरिष्ठ समाजसेवी सरदार शैलेंद्र सिंह का उत्साह देखने लायक था.
शैलेंद्र सिंह का बयान
नामांकन के बाद मीडिया के सामने सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि वे 40 सालों से जुगसलाई के नागरिकों के सुख-दुख के साथी रहे हैं. जुगसलाई रेलवे फाटक ओवरब्रिज, अंडर ब्रिज, जुलाई वाटर प्लांट, बिजली सब स्टेशन, फुट ओवर ब्रिज, पानी टंकी, स्टेशन रोड बनवाने में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है. नगर निकायों को टैक्स बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें है.
बलबीर कौर के वादे
उनकी पत्नी बलबीर कौर ने कहा कि जुगसलाई में रोड पर यातायात समस्या दूर करने, स्वच्छ पानी, 24 घंटे बिजली, निरंतर सफाई को प्राथमिकता देंगी. इस मौके पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह एवं उनकी टीम, सेंट्रल सिख सत्संग सभा, नौजवान सभा, विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के प्रधान उनके हौसले बढ़ाते नजर आए. जुगसलाई के मतदाताओं की संख्या भी कम नहीं थी.

