
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर का प्रतिष्ठित रामकृष्ण मिशन स्कूल मंगलवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब सातवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो उठा. अनुशासन और शिक्षा के लिए पहचाने जाने वाले इस स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र ने क्लास के दौरान अपने बैग से ‘चापड़’ निकाल लिया.
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था. मंगलवार को कक्षा के दौरान हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक छात्र ने अचानक हथियार निकाल लिया. हथियार देखते ही कक्षा में मौजूद छात्र डर के मारे इधर-उधर भागने लगे. गनीमत यह रही कि शिक्षकों की तत्परता से स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई.
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने सिदगोड़ा थाना को अवगत कराया. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों नाबालिग छात्रों को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतनी कम उम्र में छात्र के पास हथियार कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या कारण रहे.
स्कूल प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए दोनों छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अभिभावकों को भी स्कूल बुलाया गया है. घटना के बाद शहर के अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
फिलहाल पुलिस बच्चों की काउंसलिंग और जांच में जुटी है. यह घटना केवल एक स्कूल विवाद नहीं, बल्कि समाज के लिए एक चेतावनी है, जो बच्चों की दिशा और स्कूलों की सुरक्षा पर गंभीर मंथन की मांग करती है.

