उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए दो अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने और बाद में एक पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्तौल छीनकर दोबारा गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पूरे घटनाक्रम का खुलासा मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय ने प्रेस वार्ता में किया.
एसएसपी ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनतई की सूचना पुलिस को मिली थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए वायरलेस के माध्यम से सभी थाना क्षेत्रों को अपराधियों के हुलिये और उनकी बाइक की जानकारी प्रसारित की गई. इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को बताए गए विवरण से मेल खाते दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए. पुलिस ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया.
पीछा करते हुए पुलिस टीम सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप-6 परिसर के समीप पहुंची. जब पुलिस दोनों संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए जवाबी रणनीतिक कार्रवाई की और दोनों अपराधियों को दबोच लिया.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने छीनी गई सोने की चेन तथा अन्य सामान को छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद देर रात पुलिस टीम दोनों आरोपियों को बरामदगी के लिए उनके बताए स्थान पर लेकर गई.
एसएसपी के अनुसार, बरामदगी की कार्रवाई के दौरान आरोपी हरपाल सिंह ने अचानक एक पुलिस अधिकारी को धक्का दे दिया और उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली. हथियार हाथ लगते ही उसने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और आरोपी को पुनः काबू में कर लिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसएसपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है.


