उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में टाटानगर रेलवे स्टेशन से यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के पास से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं. इस कार्रवाई को रेलवे द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त तथा जमशेदपुर रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में हुई मोबाइल चोरी की घटना की जांच शुरू की. घटना के बाद टीम ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदन कुमार ओझा (29) के रूप में हुई है. वह बिहार के भोजपुर जिले के बड़की ओझवलिया गांव का रहने वाला है. पूछताछ और जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने सोमवार रात स्टेशन परिसर में दो यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी किए थे. गिरफ्तारी के बाद उसकी तलाशी लेने पर चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
पूरे अभियान का संचालन आरपीएफ पोस्ट कमांडर टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में किया गया. कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व वाली टीम ने अहम भूमिका निभाई.
अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.


