उदित वाणी, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जब एक नवजात शिशु को रात के अंधेरे में सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। मासूम बच्चे की रोने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और समाजसेवी तुरंत सक्रिय हुए तथा बच्चे को सुरक्षित स्थान पर ले गए। मिली जानकारी के अनुसार, ठंडी रात में ग्रामीणों को सड़क किनारे से लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक नवजात कपड़े में लिपटा हुआ पड़ा है।
\आसपास उसकी मां या परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तत्काल सुरक्षित किया और समाजसेवियों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि शिशु की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है।
पुलिस ने बच्चे की मां और परिजनों की तलाश शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आगामी प्रक्रिया के तहत बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द किया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है और लोगों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस पूरी तत्परता से मामले की जांच कर रही है, ताकि नवजात के परिजनों का पता लगाया जा सके और उसे सुरक्षित भविष्य मिल सके।

