उदित वाणी, जमशेदपुर : जापान के काकामिगाहारा में आयोजित पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम के सदस्य और नेवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) के कैडेट आशीष तानी पुटी एवं प्रेमचंद सोय को टाटा स्टील ने सम्मानित किया. जमशेदपुर स्थित नेवल टाटा हॉकी अकादमी में आयोजित इस विशेष समारोह में मीडिया प्रतिनिधि, खेल अधिकारी, कोच और अकादमी से जुड़े अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
भारत ने जापान को 4-1 से हराकर रचा इतिहास
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में जापान को 4-1 से शिकस्त दी और दस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अंडर-18 एशिया कप का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद कई युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत और नई पहचान बनाई है.
खेल संस्कृति और मेहनत का परिणाम: डी. बी. सुंदरा रामम
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आशीष और प्रेमचंद की यह बड़ी उपलब्धि जमशेदपुर की मजबूत खेल संस्कृति और खिलाड़ियों, कोचों तथा सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत का परिणाम है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टाटा स्टील युवा खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है.
टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे आशीष, प्रेमचंद चमके
इस प्रतियोगिता में झारखंड के डिफेंडर आशीष तानी पुटी टूर्नामेंट के शीर्ष गोल स्कोरर (टॉपर स्कोरर) रहे, जबकि मिडफील्डर प्रेमचंद सोय ने अपने अनुशासित और बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन से टीम की खिताबी सफलता में अहम भूमिका निभाई. सम्मान समारोह में इन खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के योगदान को भी सराहा गया. इस दौरान टाटा स्टील ने जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को विकसित करने और उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया.


