उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कॉलेज प्रबंधन का प्रमुख लक्ष्य वर्तमान 150 एमबीबीएस सीटों को बढ़ाकर पहले 200 तक पहुंचाना और अगले तीन वर्षों में इसे 250 तक विस्तार देना है। इसी संदर्भ में मंगलवार को जमशेदपुर के एमजीएम कॉलेज के प्राचार्य और अधीक्षक स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय, रांची में महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पहले 100 एमबीबीएस सीटें थीं, जिन्हें 150 तक बढ़ाया जा चुका है और अब 200 सीटों के लिए आवेदन भी प्रस्तुत कर दिया गया है। इस प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करने पर स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय विशेष ध्यान दे रहा है। बैठक में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के मानकों तथा आवश्यकताओं, शेष कार्यों और कमियों को दूर करने की योजना पर विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी।
सीटों में इजाफा करने के लिए सबसे बड़ी चुनौती है शिक्षकों की उपलब्धता, क्योंकि अगले डेढ़ वर्ष में कई वरिष्ठ प्रोफेसर्स सेवानिवृत्त होने वाले हैं। कॉलेज में आवश्यक संख्या में फैकल्टी की नियुक्ति और नई भर्तियों को लेकर भी बैठक में रणनीति बनाई जाएगी। इसके अलावा, बुनियादी ढांचे जैसे कक्षाएं, प्रयोगशालाएं और छात्रावासों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा ताकि एनएमसी के मानकों को समय पर पूरा किया जा सके। इस दिशा में छात्रावास निर्माण, प्रयोगशाला विस्तार और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार करने की योजना है। एमबीबीएस सीटों में वृद्धि से न केवल मेडिकल शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, बल्कि राज्य में चिकित्सकों की उपलब्धता में भी उल्लेखनीय इजाफा होगा।


