उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के पलाशबानी गांव की निवासी रायमुनी मार्डी ने जमीन विवाद से जुड़े मारपीट मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई. उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
रायमुनी मार्डी ने अपने आवेदन में बताया कि पलाशबानी स्थित उनकी रैयती भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. आरोप है कि हाड़ीराम मार्डी उर्फ चैतन मार्डी के उकसावे पर कमल मार्डी, संगीता मार्डी, सोना मार्डी तथा चुनटू मार्डी उर्फ विकु मार्डी ने उनके और उनके देवर के साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान जानलेवा हमला किया गया और कुल्हाड़ी से किए गए वार में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी. उनके देवर को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा.
पीड़िता के अनुसार घटना के बाद वह 18 जून को शिकायत लेकर एमजीएम थाना पहुंची थीं. हालांकि, काफी देर इंतजार के बाद थाना प्रभारी से मुलाकात हुई, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. इससे निराश होकर उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है.
रायमुनी मार्डी ने बताया कि वह पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं और वर्तमान में रोटरी क्लब जमशेदपुर के सहयोग से संचालित स्कूल एवं विभिन्न सामाजिक विकास कार्यक्रमों से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है. पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है.


