उदित वाणी, जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (सत्र 2026-30) और व्यावसायिक पाठ्यक्रम (सत्र 2026-29) में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरु हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि नामांकन हेतु अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 5 जुलाई 2026 तक चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिष्ठाता (अकादमिक कार्य) डॉ. संजय यादव ने नामांकन की तैयारियों का जायजा लिया और सभी कॉलेजों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने रुचि एवं योग्यता के अनुसार विषयों का चयन करें। आवेदन प्रक्रिया में इस बार अपार आईडी अनिवार्य कर दी गई है, जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण स्वतः पूर्णतः सत्य रूप में दर्ज होंगे। जिन छात्रों के पास अपार आईडी नहीं है, वे आधार कार्ड से इसे बनाकर ही आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने आवेदन शुल्क घटाकर केवल ₹25 किया है और विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे एक से अधिक कॉलेज या एक कॉलेज में विभिन्न विषयों के लिए आवेदन अवश्य करें।
जूलॉजी और बॉटनी के इच्छुक छात्र-छात्राओं को विषय चयन में “लाइफ साइंस” विकल्प चुनना होगा। प्रशासन ने छात्रों से अंतिम तारीख की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की है। महत्वपूर्ण तिथियां: ऑनलाइन आवेदन 16.06.2026 से 05.07.2026, ऑनलाइन भुगतान संबंधी आपत्तियों का निपटारा 6 और 7 जुलाई, प्रथम मेधा सूची 8 जुलाई को जारी होगी, उसके आधार पर नामांकन 8 से 18 जुलाई, द्वितीय एवं तृतीय सूची के आधार पर नामांकन क्रमशः 21-25 जुलाई और 28-31 जुलाई तक होगा। कक्षाएं 3 अगस्त 2026 से आरंभ होंगी।


