जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित सोनारी ऑटो स्टैंड के समीप एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसके गले से सोने की चेन छीन लेने का मामला प्रकाश में आया है. घटना में घायल युवक को गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है. मामले में पीड़ित की शिकायत पर कदमा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दिए गए बयान में कुणाल कुमार ने बताया कि वह अपने कुछ मित्रों के साथ सोनारी ऑटो स्टैंड के पास एक चाय दुकान पर बैठा हुआ था. इसी दौरान साकिब और राहुल तिवारी नामक दो युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया. जब कुणाल ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
पीड़ित के अनुसार, झड़प के दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी रक्तस्राव होने लगा. वहीं दूसरा आरोपी हाथ में चापड़ लेकर लगातार उसे जान से मारने की धमकी देता रहा. अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग भय के कारण घटनास्थल से दूर हट गए.
कुणाल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस सक्रिय हुई और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.


