उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया. वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उलीडीह ओपी क्षेत्र के डिमना चौक के पास छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
जानकारी के अनुसार, एसएसपी को सूचना मिली थी कि एक युवक ब्लू रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार होकर अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (नगर के अतिरिक्त प्रभार) के निर्देशन में पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को दबोच लिया.
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने खुलासा किया कि उसने बरामद पिस्टल अपने साथी अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदी थी. इसके बाद पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26) निवासी तामोलिया, कपाली तथा अभिषेक दास (25) निवासी शंकोसाई, उलीडीह शामिल हैं.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बरामद सामान में 7.65 एमएम की एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा आर-15 मोटरसाइकिल जेएच 05 सीएन 3828 शामिल है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.


