उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित इमामबाड़ा के समीप हुए चर्चित मो. तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है. मामले में नामजद आरोपी और धनबाद बालिका संप्रेक्षण गृह में तैनात महिला सिपाही संगीता खालको को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि भालूबासा मुस्लिम बस्ती निवासी संगीता खालको की भूमिका जांच के दौरान संदिग्ध पाई गई थी. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर कदमा थाना लाया गया, जहां पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया. अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को शास्त्रीनगर स्थित इमामबाड़ा के पास मो. तौकीर उर्फ गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद मृतक के पिता मो. नियाज ने कदमा थाना में विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान, जेल में बंद सलमान खान, उसकी मां संगीता खालको तथा उसके भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
पुलिस के अनुसार, संगीता खालको का पुत्र मो. सलमान पहले से जेल में बंद है. उसके खिलाफ हत्या, फायरिंग, रंगदारी समेत लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही विजय पांडेय, अयान, शादाब खान उर्फ बिल्ली और शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की जा चुकी है.
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गोरा की हत्या आपसी गैंगवार का नतीजा थी. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया था कि अयान ने गोरा पर छह गोलियां चलाई थीं, जबकि शादाब उर्फ बिल्ली ने एक गोली दागी थी. हमले में कुल सात गोलियां चलाई गई थीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
फिलहाल कदमा पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है और शेष आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.


