उदित वाणी, धनबाद : भूली ओपी थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अमन सोसायटी में बीती रात एक बंद घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने सोसायटी के गेट नंबर-1 में स्थित हाउस नंबर-135 को निशाना बनाया और लगभग पांच लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए। बताया गया है कि घर के मालिक शाहनवाज खान ने अपने इलाज के लिए हाल में ही बैंक से पांच लाख रुपये का लोन लिया था, जिसे उन्होंने घर के लॉकर में रखा था। मौका पाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और नकदी के साथ सोने के झुमके व चांदी के अन्य आभूषण भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी भूली ओपी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हो गई हैं। मामले की जांच कर रहे एएसआई मनोज ओझा ने बताया कि फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वार्ड संख्या-17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी ने भी मौके पर पहुंच कर पुलिस को पूरी जानकारी दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग भयभीत और नाराज हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Advertisement
<

