उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के समीप शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक सड़क दुर्घटना में अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान पोटका थाना क्षेत्र के एदल गांव निवासी अशोक गोप (50) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार अशोक गोप अपनी पत्नी की दवा लेने के लिए शहर आए थे.
दवा लेने के बाद वे हाता जाने वाली एक बस में सवार होने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान बस के अचानक आगे बढ़ जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को अपनी स्कूटी से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल एमजीएम अस्पताल में उनका उपचार जारी है. वहीं दुर्घटना में शामिल बस की पहचान नहीं हो सकी है.


