
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र की कीर्तन विहार कॉलोनी में बुधवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसे काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल पुलिस युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे स्थानीय निवासियों में काफी नाराजगी थी. दो दिन पहले भी इसी इलाके में चोरी की एक वारदात हुई थी, जिसमें संदिग्ध युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी.
बुधवार को वही युवक फिर से कॉलोनी में संदिग्ध हालत में घूमता नजर आया. इसी दौरान जब वह एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ गई. लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी.
इसके बाद मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. प्रारंभिक जांच में युवक आदतन नशे का आदी प्रतीत हो रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

