
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकुंचिया गांव में सोमवार दोपहर करीब दो बजे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो सगे भाइयों के बीच लाठी-डंडे से हुई जमकर मारपीट में छोटा भाई तपन महतो (40) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई.
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई मां चेपी महतो (65) भी बुरी तरह घायल हो गईं. वहीं, बड़ा भाई कांग्रेस महतो (45) भी मारपीट में चोटिल हुआ है और उसका इलाज भी एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.
अबुआ आवास बना विवाद की जड़
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद की जड़ सरकारी ‘अबुआ आवास’ योजना थी. कांग्रेस महतो को उक्त योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था. परंतु, जिस जमीन पर वह मकान बना रहे थे, उसे लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था.
इस विवाद की शिकायत पटमदा अंचल कार्यालय और कमलपुर थाना तक पहुंची थी. भूमि विवाद समाधान दिवस के दौरान सुनवाई में अंचल कार्यालय ने स्थल निरीक्षण के बाद कांग्रेस महतो को उस जमीन पर निर्माण से मना किया था.
मना करने के बाद भी निर्माण, फिर भड़की हिंसा
सोमवार को जब कांग्रेस महतो ने उसी विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया, तब तपन महतो ने इसका विरोध किया. बात बहस से शुरू होकर हिंसक झगड़े में बदल गई. लाठी-डंडों से हुए इस टकराव में तीन लोग घायल हो गए.
15 मिनट में पहुंची पुलिस, निजी वाहन से भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रही कमलपुर थाना की पुलिस टीम महज 15 मिनट में मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी अशोक कुमार ने तीनों घायलों को तत्काल माचा स्थित सीएचसी भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. थाना प्रभारी ने अपने निजी वाहन से ही घायलों को अस्पताल भिजवाया.
मृतक की पारिवारिक स्थिति चिंताजनक
मृतक तपन महतो के दो बेटे हैं, जो जमशेदपुर में रहते हैं. उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह सास व पति के साथ ही घर पर रहती थीं.
पुलिस कर रही जांच, आरोपी से पूछताछ शुरू
घटना के बाद कमलपुर पुलिस ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायल कांग्रेस महतो से पूछताछ की है. थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

