उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे लाइन ब्लॉक कार्य का असर रेल परिचालन पर लगातार पड़ रहा है. रेलवे प्रशासन के निर्देशानुसार 20 जून (शनिवार) को आसनसोल-टाटानगर मेमू ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य टाटानगर तक नहीं पहुंचेगी. यह ट्रेन उस दिन केवल आद्रा स्टेशन तक ही संचालित होगी और वहीं से वापस अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आद्रा क्षेत्र में आवश्यक इंजीनियरिंग एवं ट्रैक रखरखाव कार्य के लिए लाइन ब्लॉक लिया गया है. इसके कारण कई लोकल और मेमू ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. इससे पहले 17 जून (बुधवार) को भी आसनसोल मेमू ट्रेन टाटानगर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा था.
ट्रेन के टाटानगर तक नहीं आने से कोल्हान और पश्चिम बंगाल के डेढ़ दर्जन से अधिक छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले ग्रामीण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. रोजाना नौकरी, व्यवसाय, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए इस ट्रेन पर निर्भर रहने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है.
रेलवे सूत्रों के मुताबिक आद्रा लाइन ब्लॉक का असर केवल आसनसोल मेमू तक सीमित नहीं है. खड़गपुर, भोजुडीह, चंद्रपुरा तथा अन्य मार्गों पर चलने वाली कई लोकल ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव और आंशिक रद्दीकरण किया गया है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है.


