उदित वाणी, जमशेदपुर : ईंट से लदे ट्रक के चालक पर माल लेकर फरार होने का आरोप लगाते हुए जमशेदपुर के गोलमुरी न्यू टाटा लाइन निवासी एक व्यवसायी ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. मामले को लेकर पुलिस से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है.
शिकायतकर्ता सचिन कुमार ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने निर्माण कार्य के लिए बड़ी मात्रा में ईंट की खरीदारी की थी. ईंटों की आपूर्ति के लिए ट्रक संख्या WB-37E-3005 को लगाया गया था. ट्रक में करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की ईंटें लोड कर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवनी जमालपुर स्थित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी. ईंटों का पूरा भुगतान भी पहले ही कर दिया गया था.
सचिन कुमार के अनुसार, ट्रक चालक उमेश कुमार यादव माल लेकर निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचा. काफी इंतजार के बाद जब चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला. इसके बाद कई बार फोन करने का प्रयास किया गया, लेकिन उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. आरोप है कि चालक बिना माल उतारे ही ट्रक लेकर फरार हो गया.
घटना के बाद व्यवसायी ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि चालक की इस हरकत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. शिकायत में ट्रक और चालक का पूरा विवरण देते हुए मामले की गहन जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है.
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


