उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर ग्वाला बस्ती में तेज रफ्तार कार को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मामले में पुलिस ने कथित ‘चटनी डॉन’ उर्फ प्रिया सिंह समेत छह नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. शिकायत पीड़िता पूजा देवी के बयान पर दर्ज की गई है.
पूजा देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी घर के पास खड़ी थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी और उसकी चपेट में आने से वह बाल-बाल बच गई. इस पर परिवार के लोगों ने कार चालक से सावधानी बरतने को कहा. आरोप है कि मामूली विरोध के बाद कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
पीड़िता के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी अपने समर्थकों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे. उनके हाथों में लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे. आरोप है कि आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमले में कई लोग घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया, गले से चेन छीनने की कोशिश की तथा हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में छेड़खानी, छिनतई, जानलेवा हमला और भय पैदा करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं.
घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


